सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और अफवाहों पर गृह मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की
नई दिल्ली। देश में हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एडवाइजरी जारी कर हिंसक प्रदर्शनों पर लगाम कसने को कहा है। मंत्रालय ने सभी राज्यों से कहा कि देश के नागरिकों की सुरक्षा और उनके जीवन की रक्षा अहम है।




मंत्रालय ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान होने की घटनाओं के मद्देनजर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि यह जरूरी है कि हिंसा रोकने, नागरिकों की जान की हिफाजत करने और संपत्तियों को नुकसान होने से रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। 



एडवाइजरी के अनुसार, उनसे सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए भी कार्रवाई करने को कहा गया है जिनसे हिंसा भड़क सकती है।