नोएडा। समाजवादी पुरोधा एवं छोटे लोहिया के नाम से मशहूर स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की 10 वीं पुण्यतिथि सेक्टर 31 स्थित निठारी गांव में मनाई गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बीर सिंह यादव व जिला प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने सपा नेताओं के साथ जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया जिसका संचालन जयकरन चौधरी ने किया। गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बोलते हुए जिलाध्यक्ष बीर सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा के प्रति दृढ निष्ठा के कारण पण्डित जनेश्वर मिश्र छोटे लोहिया के नाम से प्रसिद्ध थे। वे कई बार लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे। उन्होने मोरारजी देसाई, चैधरी चरण सिंह, विश्वनाथ प्रताप सिंह, एचडी देवगौड़ा और इंद्रकुमार गुजराल के मंत्रिमण्डलों में काम किया। सात बार केन्द्रीय मंत्री रहने के बाद भी उनके पास न अपनी गाड़ी थी और न ही बंगला। उन्होंने गरीबों, मजदूरों, किसानों व नौजवानों के हित के लिए जीवन भर संघर्ष किया।
सपा जिला प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे पर जनेश्वर मिश्र ने कई आंदोलन छेड़े जिसमें छात्रों ने उनका बढ-चढ़ कर साथ दिया। 1967 में उनका राजनैतिक सफर शुरू हुआ। फूलपुर सीट पर 1969 में उपचुनाव हुआ तो जनेश्वर मिश्र सोशलिस्ट पार्टी से मैदान में उतरे और जीते। लोकसभा में पहुंचे तो राजनारायण ने छोटे लोहिया का नाम दिया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने चुनाव में इंदिरा मंत्रिमंडल में पेट्रोलियम मंत्री केडी मालवीय एवं राजघराने के वीपी सिंह जैसे दिग्गजों को परास्त करने का काम किया। राजनैतिक शुचिता के पक्षधर , गरीबों, किसानों,नौजवानों की आवाज को जीवन भर बुलंद रखने वाले जनेश्वर जी सभी के हृदय में हमेशा मौजूद रहेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाजवाद की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
इस मौके पर पूर्व प्रत्याशी अशोक चौहान, वरिष्ठ नेता भरत प्रधान,पूर्व महानगर अध्यक्ष सूबे यादव, ओमपाल राणा,मनोज चौहान, देवेंद्र अवाना,चौधरी जयकरन, अर्जुन प्रजापति,शिक्षक सभा अध्यक्ष बब्लू चौहान,मनोज गोयल, विकास यादव, बाबूलाल बंसल,नविया प्रधान, रजब खान, अमित भाटी,मोहसिन सैफी, अब्दुल गफ्फार, मनोज प्रजापति, हीरालाल यादव, मोहम्मद उस्मानी,विपिन चौहान, मुकेश प्रधान,अमित सूद,मोनू खारी,पिंटू प्रजापति, अमित भाटी, प्रेमपाल यादव, राकेश यादव , मनीष पांडे,नसीम खान,चरण कैन, प्रदीप,सहित तमाम पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।