नोएडा में फ्रांस की यात्रा से लौटे व्यक्ति में कोरोना वायरस की हुई पुष्टि, जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क

 **   नोएडा में कोरोना मरीज की पुष्टि, चीन और फ्रांस की यात्रा करके लौटा शख्स संक्रमित



नोएडा। नोएडा में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नोएडा में एक निजी कंपनी का कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। वह दिल्ली का रहने वाला है। वह हाल ही में चीन और फ्रांस की यात्रा करके लौटा है। 


चीन और फ्रांस से लौटे उस शख्स का इलाज दिल्ली में चल रहा है। वह युवक नोएडा फेस 2 स्थित एक कंपनी में कार्य करता है। वह युवक फ्रांस और चीन से आने के बाद कंपनी के कर्मचारियों से भी मिला है। उक्त कंपनी में 700 कर्मचारी काम करते हैं। फिलहाल कर्मचारियों को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा निगरानी में रखा गया है।


आज दुनिया के तकरीबन सभी देशों में कोरोना वाइरस को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर नेपाल ने शुक्रवार को माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई के लिए अनुमति को रद कर दिया। इससे पहले गुरुवार को चीन ने इस पर रोक लगा दी थी। संस्कृति पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री योगेश भट्टराई  ने बताया है  कि नेपाल ने देश के सभी पहाड़ों पर चढ़ाई पर रोक लगाने के साथ-साथ पर्यटक वीजा जारी करना बंद कर दिया है। 


ईरान ने कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 75 और लोगों की मौत की जानकारी दी। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। इससे देश में 429 लोगों की मौत हो गई है। वहीं यहां 1,075 नए मामले सामने आए हैं। 10,075 लोग अभी तक इससे संक्रमित हो गए हैं। मिडिल ईस्ट में सबसे ज्यादा मामले ईरान में ही सामने आए हैं।