गौतमबुद्ध नगर के तीनों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, 15 शिकायतों का निस्तारण मौके पर


नोएडा। जनपद की तीनों तहसीलों में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन में कुल 250 शिकायतें दर्ज हुई।  15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।


 जिला स्तरीय तहसील संपूर्ण समाधान दिवस सदर तहसील में संपन्न हुआ। यहां पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जनपद के अन्य समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गण, उप जिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी, तहसीलदार संजय मिश्रा के द्वारा जनता की शिकायतों को सुना गया। यहां पर कुल 33 शिकायतें दर्ज हुई और एक शिकायत का निस्तारण मौके पर कराया गया।


इसी प्रकार दादरी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिवाकर सिंह के द्वारा जनता की समस्याओं को सुना गया। यहां पर कुल 125 शिकायतें दर्ज हुई और 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर विभागीय अधिकारियों के माध्यम से कराया गया।


दादरी तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का संचालन उप जिलाधिकारी दादरी राजीव राय के द्वारा किया गया। जेवर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मुनींद्र नाथ उपाध्याय के द्वारा जनता की शिकायतों को सुना और यहां पर कुल 92 शिकायतें दर्ज हुई और 3 शिकायतों का निस्तारण मौके पर विभागीय अधिकारियों के माध्यम से किया गया। यहां पर संपूर्ण समाधान दिवस का संचालन उप जिलाधिकारी जेवर गुंजा सिंह के द्वारा किया गया।


जिला अधिकारी बीएन सिंह ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश देते हुए कहा है कि जनता की शिकायतों का त्वरित गति के साथ निस्तारण संभव हो सके इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश सरकार का यह बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। अतः सभी अधिकारीगण सरकार की मंशा के अनुरूप इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दर्ज शिकायतों का निस्तारण पूर्ण गुणवत्ता एवं मानकों के अनुसार निर्धारित समय अवधि के भीतर करने की कार्यवाही करेंगे।