दुनिया के सबसे बड़े सिंगल यूज प्लास्टिक चरखे का स्मृति ईरानी ने किया उद्घाटन

 नोएडा।  सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति सरकार के फैसले का आज नोएडा में असर दिखाई दिया जब केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी नोएडा पहुंच कर दुनिया के सबसे बड़े चरखे का उद्घाटन किया।



गौरतलब है कि नोएडा प्राधिकरण ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर एक चरखा बनवाया है, जिसका उद्घाटन आज केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी व गौतमबुद्ध नगर सांसद डा. महेश शर्मा ने किया। यह चरखा सिंगल यूज प्लास्टिक से बनाया गया है। इस मौके पर नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी और नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी मौजूद रहे।


नोएडा विकास प्राधिकरण ने शहर के सेक्टर-94 में महामाया फ्लाईओवर के पास प्लास्टिक कचरे से 20 फीट लंबा और 14 फीट ऊंचा चरखा बनकर बनवाया है। प्राधिकरण का दावा है कि प्लास्टिक कचरे से बना यह विश्व का सबसे बड़ा चरखा है।


नोएडा प्राधिकरण 11 सितंबर से प्लास्टिक वेस्ट श्रमदान अभियान चला रहा है। बड़े स्तर पर प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जा रहा है। जिससे चरखे का निर्माण किया गया है। चरखे की चौड़ाई 8 फुट है। इसे बनाने के लिए 1,250 किलोग्राम प्लास्टिक कचरे का प्रयोग किया गया है। इसका कुल वजन 1,650 किलोग्राम है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे से गुजरते वक्त सेक्टर-94 के पास यह चरखा देखने के लिए मिलेगा।


नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि शहर में पहली बार प्लास्टिक के कूड़े से कोई चीज तैयार की गई है। इस चरखे को चलाया भी जा सकेगा। साथ ही सेल्फी के शौकीनों के लिए यह आकर्षण का केंद्र होगा। सोमवार को औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना को इसके लोकार्पण के लिए आना था, लेकिन किसी कारणवश कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। अब मंगलवार को लोकार्पण किया जाएगा। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि इसे प्लास्टिक वेस्ट से बने सबसे ऊंचे चरखे का प्रमाण भी मिलेगा।