दिल्ली में विधानसभा के चुनाव का हुआ ऐलान : 8 फरवरी को होगा वोटिंग

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। सोमवार को यहां चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे और तीन दिन बाद 11 फरवरी को नतीजे आ जाएंगे। चुनाव के लिए 14 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी होगा। नामांकन भरने का अंतिम दिन 21 जनवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 22 को होगी और 24 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं।




चुनाव में 1 करोड़ 46 लाख 92 हजार 136 लोग मत का प्रयोग करेंगे। चुनाव संपन्न कराने के लिए 90 हजार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। 2689 जगहों पर कुल 13750 मतदाता केंद्र होंगे। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी 2020 को खत्म हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने पहली बार में ही सभी का सूपड़ा साफ कर दिया था। आप ने 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल की थी। शेष तीन सीट भाजपा को मिली, जबकि दिल्ली में कई सालों तक राज करने वाली कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला।

इस साल हुए लोकसभा चुनाव में आप को झटका लगा। फिलहाल दिल्ली में अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री हैं। वे चुनाव के मद्देनजर कई जनहितैषी घोषणाएं कर चुके हैं। अब देखना है कि आगामी चुनाव में किसका पलड़ा भारी रहता है।