पुलिस मुख्यालय में पुलिस कमिश्नर के चार्ज लेने से पहले ही अहम फाइल को किया आग के हवाले

नोएडा। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने ग्रेटर नोएडा पुलिस मुख्यालय में कार्यभार संभाल लिया है। उनके चार्ज लेने से पहले ही पुलिस मुख्यालय की कुछ फाइल और कागजात जलाने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बहरहाल, पुलिस के आलाधिकारियों का कहना है कि ये रद्दी और बेकार कागजात थे, जो कूड़े में जलाए गए हैं।



 ग्रेटर नोएडा स्थित पुलिस ऑफिस में कागजों को जलाए जाने से पुलिस पर ही के कई सवाल खड़े हो गए हैं। जले दस्तावेजों की जो तस्वीर सामने आई हैं, वह गैंगस्टर और गुंडा एक्ट की जलती दिखी हैं। अब सवाल उठ रहा है आखिर क्यों फाइलें जलाई गई हैं। ये दस्तावेज दफ्तर के पीछे जलाए गए हैं। इस कागजात को जलाने से पहले क्या कोई अनुमति ली गई थी ?


 कुछ सूत्रों के मुताबिक जांच रिपोर्ट जलाई गई हैं। इन्हें जलाने का मकसद पुलिस अधिकारी बताने से बच रहे हैं।यहां बड़ा सवाल है कि आखिर किसके कहने पर फाइलें जलाई गई हैं। नवनियुक्त कमिश्नर आलोक सिंह के चार्ज ग्रहण करने से पहले फाइलें जलाने पर मामला और संदिग्ध बन गया है। मामले में कोई पुलिस अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।


उल्लेखनीय है कि इसी दफ़्तर में होमगार्ड की फाइलें भी जला दी गई थी। इस मामले में कई सस्पेंड भी हुए थे।