नोएडा में 14 मार्च से 22 मार्च तक मंगलमय परिवार के सौजन्य से होगा दिव्य श्री राम कथा का आयोजन

नोएडा। मंगलमय परिवार के सौजन्य से नोएडा में 14 मार्च से 22 मार्च तक दिव्य श्री राम कथा का आयोजन रामलीला मैदान, नोएडा स्टेडियम में सायं 4 से 7 बजे तक सम्पन्न होगा। कथा व्यास जाने-माने संत विजय कौशल जी महाराज होंगे। आज यह जानकारी सेक्टर 29 स्थित प्रेस क्लब में मंगलमय परिवार के सदस्यों ने दी। पहले यह कथा 15 फरवरी से 22 फरवरी तक होना था, परंतु इसका समय आगे बढ़ा दिया गया है।



इस मौके पर महेश गुप्ता ने बताया कि इस कथा के आयोजक के रूप में एक हजार परिवारों को जोड़ने का काम मंगलमय परिवार, श्रीजी गो सदन एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं की प्रबंध समिति कर रही है। इस कार्य हेतु 500 सदस्य काम कर रहे हैं। प्रत्येक परिवार से 500 रुपये की सहयोग राशि से इस कथा का आयोजन होगा। साथ ही 30 हजार और परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि कथा आयोजन के पीछे सेक्टर 94 स्थित गो सदन को आर्थिक सहायता देना है। कथा के माध्यम से एक भूसा घर, एक बाड़ा तथा कर्मचारियों के लिए 18 कमरों का भवन निर्माण करना है। साथ ही गौशाला कार्यकारिणी अच्छी नस्ल की 60 गायों को नोएडा वासियों द्वारा दान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि गौ संवर्धन को बढ़ावा दिया जा सके।
श्री गुप्ता ने बताया कि नोएडा गोशाला में प्रतिवर्ष 3 से 4 करोड़ तक खर्च होता है। यहां 1100 सौ गोवंश हैं तथा 60 कर्मचारी गाय की देखरेख कर रहे हैं। गोसदन में 400 आजीवन सदस्य हैं, जिन्हें 70 रुपये की दर से प्रति लीटर दूध उपलब्ध कराया जाता है। पर मांग के अनुसार उन्हें कम पड़ रहा है। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि प्रति साल एक गाय परिवार का खर्च 11 हजार रुपये है। जिसमें एक करोड़ 60 गायों के लिए उन्हें स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि कथा हेतु 11 हजार से ज्यादा रसीदें दी जा चुकी है। इस कथा में डेढ़ से 2 करोड़ की राशि जमा होती है और खर्च 40 से 50 लाख तक होती है। कथा में 5 से 10 हजार लोगों की बैठने की व्यवस्था होगी।
इस मौके पर एन के अग्रवाल, प्रमोद शर्मा, बलराज गोयल,  प्रवीण शर्मा, राजीव अजमानी, राम निवास बंसल, पंकज परासर, संजय गोयल, विमल अग्रवाल,  मनीष गुप्ता आदि उपस्थित रहे।