कोरोना की लड़ाई में देश की जनता मोदी के साथ, दुनिया में बढ़ रही है कोरोना से मौतों की आंकड़ा

नई दिल्ली। दिसंबर 2019 में चीन के वुहान शहर को अपना घर बनाने वाला कोरोना वायरस तीन महीने में पूरी दुनिया में तबाही मचा रहा है। इसकी भयानकता बढ़ती जा रही है। अब तक दुनिया में  11,200 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। अलबत्ता,  मौत का आंकड़ा एक सप्ताह के भीतर ही दोगुना हो गया है। वहीं, यूरोप में संकट गहराता जा रहा है। कोरोना ने इटली और स्पेन को अपना नया गढ़ बना लिया है।


उधर, भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 14 घंटे के जनता कर्फ्यू का काउंटडाउन का समय नजदीक आ गया है। जनता कर्फ्यू 22 मार्च को सुबह से शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश में अपार समर्थन मिल रहा है।इसे सफल बनाने के लिए चौतरफा समर्थन के ऐलान होने लगे हैं। रेलवे ने रविवार को देशभर में 3,700 ट्रेनों का परिचालन रद्द करने की घोषणा की है। देश की दो विमानन कंपनियों, इंडिगो और गोएयर ने करीब 1 हजार उड़ानें कैंसल करने का फैसला किया। दिल्ली, नोएडा मेट्रो को बंद रखा जाएगा। अनेक प्रतिष्ठान को बंद रहने की घोषणा की जा चुकी है। परिवहन सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है। बाजारों को भी बंद रखा जाएगा। मंदिरों के दरवाजे भी बंद रहेंगे। सिर्फ आवश्यक सेवाएं ही बहाल रहेगी।



चीन से फैले कोरोना वायरस ने पूरी दुनियाभर के करोड़ों लोगों को अपने घरों में रहने को मजबूर कर दिया है। महामारी से अब तक करीब 11 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,65,867 से अधिक हो गई है। 


महामारी से लड़ने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पूरे ब्रिटेन में देशव्यापी बंद (लॉकडाउन) के आदेश दिए हैं। इस दौरान कर्मचारियों का 80 फीसदी वेतन करीब 2.20 लाख प्रतिमाह तक सरकार वहन करेगी।


लंदन में एक व्यक्ति को सेल्फ क्वारंटाइन न करने पर गिरफ्तार कर उस पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। फ्रांस, इटली, स्पेन और अन्य यूरोपीय देशों में नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भरना पड़ रहा है।  


वहीं, अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य ने भी बड़ा कदम उठाते हुए लोगों से किसी भी हाल में अपने घर में ही रहने को कहा है। अमेरिका ने आर्थिक मोर्चे की दिक्कतों को दूर करने के लिए एक हजार अरब के आपातकालीन राहत पैकेज का वादा किया है।


जर्मनी के सबसे बडे राज्य बायर्न ने शुक्रवार को देश में सबसे पहले दो हफ्तों के लिए बाहर निकलने के तहत 'मौलिक प्रतिबंधों' का आदेश जारी किया। पाकिस्तान में तीसरी मौत के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान ने शुक्रवार को जनता से कम से कम 45 दिनों के लिए खुद को पृथक रखने की अपील की। 


 वंडरला होलिडेज ने भारत में अपने सभी मनोरंजन (एम्युजमेंट) पार्क 31 मार्च तक बंद कर दिए हैं। ऐपल की यूएई और चीन समेत कई देशों में एक ही व्यक्ति को दो से अधिक आईफोन बेचने पर रोक लगी।
ब्रिटेन में पर्यावरण बचाओ कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन बंद किया। अब ऑनलाइन आंदोलन करेंगे।