सिंगर कनिका कपूर के लापरवाही कनेक्शन से लखनऊ व गौतमबुद्ध नगर में आइसोलेशन में गए कई नेता व अधिकारी, मचा हुआ है हंगामा

लखनऊ। लखनऊ, नोएडा में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को लखनऊ में चार नए लोग वायरस की चपेट में आ गए हैं। इनमें सिंगर कनिका कपूर भी शामिल हैं। उन्हें पीजीआई के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। कनिका कपूर की लापरवाही ने देश के सैकड़ों लोगों को सांसत में डाल दिया है।



बताया गया है कि वह 11 मार्च को लंदन से लखनऊ आईं। कनिका ने कथित रूप से एयरपोर्ट पर जांच नहीं कराई और खुद को 14 दिन तक अलग-थलग रखने की बजाय वह लगातार पार्टियों में शरीक होती रहीं।


इन पार्टियों में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुन्धरा राजे,उनके पुत्र दुष्यंत,प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह समेत कई नेताओं, प्रशासनिक अफसरों व उनके परिवारीजनों ने शिरकत की थी। कनिका के खिलाफ लखनऊ के सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।   


गायिका में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद  शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया। लखनऊ के महानगर इलाके में सिने गायिका का आवास है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने महानगर के कई इलाकों की दुकानें आदि बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। यह आदेश 23 मार्च या फिर अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगा। इस बीच, कनिका की मौजूदगी वाली पार्टियों में शामिल भाजपा नेता वसुंधरा राजे, दुष्यंत सिंह और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप और उनकी पत्नी समेत कई शख्सियतों ने खुद को अलग रहने का ऐलान किया है।


कनिका ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में खुद के कोरोना से संक्रमित होने का खुलासा किया।  पिछले हफ्ते गायिका लखनऊ में होटल ताज व डालीबाग स्थित पूर्व सांसद के बंगले पर आयोजित पार्टी में शामिल हुई थीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को लखनऊ के गैलेट अपार्टमेंट में भी एक पार्टी आयोजित की गई थी जिसमें सिने गायिका और कई अफसर व नेता शामिल हुए थे। कनिका में संक्रमण की पुष्टि के बाद अपार्टमेंट में हड़कंप मचा है। ताज होटल को भी अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। कनिका के पूरे परिवार को भी अब सघन निगरानी में रखा गया है। संक्रमण की चपेट में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार करानी शुरू कर दी है। करीब 100 से ज्यादा लोगों की सूची तैयार की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने गायिका व उनके संपर्क में आए करीब 500 लोगों के आने की अनुमान लगाया है। विभागीय अफसरों ने कनिका के संपर्क में रहे सभी लोगों को कॉल किया है और उन्हें खुद को अलग करने के लिए भी कहा है।

पहले से बीमार केजीएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर के तीन परिवार के सदस्य कोरोना की जद में आ गए हैं। इन तीनों को सर्दी-जुकाम और बुखार होने के बाद नमूने जांच के लिए गए थे। केजीएमयू माइक्रोबायोलॉजी विभाग की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीनों मरीज महानगर के रहने वाले हैं।

प्रवक्ता डॉ सुधीर सिंह के मुताबिक केजीएमयू में इस समय 9 मरीज भर्ती हैं। शुक्रवार को चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों की तबीयत स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि लखीमपुर खीरी के मरीज के संपर्क में आए 8 डॉक्टर व अन्य लोगों के नमूनों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। एहतियातन उन्हें 14 दिन एकांत में रहने की सलाह दी गई है।


 बता दें कि चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह व उनकी पत्नी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। श्री सिंह 17 मार्च को हुई कैबिनेट बैठक में भी शामिल हुए थे। उसके बाद वह कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य महानिदेशालय के संचारी रोग नियंत्रण कक्ष के निरीक्षण पर भी गए थे। इसी बीच वह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार बैठक भी करते रहे। 17 मार्च को सरकार के तीन साल पूरे पर मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कैबिनेट व राज्यमंत्रियों की बैठक में भी स्वास्थ्य मंत्री ने हिस्सा लिया था। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील समेत कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।  स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री व उनकी पत्नी, परिजनों व घर में काम करने वाले लोगों के जांच के नमूने लेकर लैबोरेट्री भेजे गए हैं।


वे गौतमबुद्ध नगर में गुरुवार को कार्यक्रम में आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी। यहां गौतमबुद्ध नगर जिले के तीनों विधायक, डीएम, सीडीओ, सीएमओ सहित आलाधिकारियों से भी मिले थे। प्रेस कांफ्रेंस में तकरीबन तीन दर्जन पत्रकार भी मौजूद रहे। मामला गर्माने के बाद  जिले के तीनों विधायकों ने अपने को आइसोलेशन में कर लिया है। बहरहाल, नोएडा, गौतमबुद्ध नगर में इस मामले को लेकर तरह-तरह की बातें उड़ रही है। 
   
 इस बीच, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता वसुन्धरा राजे ने कहा है कि वह और उनके पुत्र दुष्यंत सावधानी के तौर पर सेल्फ आइसोलेशन में हैं। श्रीमती राजे ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि कुछ दिन पहले दुष्यंत और उनके ससुराल वालों के साथ मैं लखनऊ में एक डिनर पर गई थी। कनिका कपूर, जो कि कोविद 19 संक्रमित पाई गई हैं, वे भी उस डिनर में बतौर अतिथि मौजूद थीं। सावधानी के तौर पर मैं और दुष्यंत सेल्फ़-आइसोलेशन में हैं और हम सभी आवश्यक निर्देशों का पालन कर रहे हैं।