नोएडा में दो कोरोना मुक्त मरीज़ फिर जांच में मिले कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप

नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में कोरोना से मुक्त किये गए दो मरीज़ फिर दोबारा कोरोना संक्रमित हो गए। मामला संज्ञान में आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया, वहीं दोनों मरीजों को ग्रेटर नोएडा के जिम्स में भर्ती कराया गया है।मिली जानकारी व मीडिया खबरों के मुताबिक नोएडा में कोरोना से मुक्त घोषित कर दिए गए दो मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव होने के बाद उन्हें  ग्रेटर नोएडा के जिम्स में भर्ती कराया गया है। दोनों मरीजों का नमूना लेकर चौथी बार जांच के लिए भेजा गया है।



कोरोना का दोबारा मामले से डॉक्टर असमंजस में हैं और वे  इसके कारणों की जानकारी भी जुटाने में लग गये हैं। साथ ही दोनों मरीज को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को भी क्वारंटाइन कर दिया गया है।  नोएडा के लिए एक अच्छी ख़बर है कि यहां बीते दो दिनो में कोविड 19 के किसी मरीज की पुष्टि नहीं हुई। वहीं 43 संदिग्ध मरीजों की जांच की रिपोर्ट भी निगेटिव हैं। इसके अलावा एक मरीज जिम्स में ठीक हुआ।


जानकारी के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-137 स्थित 21 वर्षीय युवती और सेक्टर-128 का एक युवक को दो जांच हुई। इस जांच में निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद फिर पॉजिटिव हो गए हैं। दोनों को तीन दिन पहले इलाज के बाद घर भेज दिया गया था। विशेषज्ञ इसके कारण की जांच में जुट गये हैं। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ठीक हुए मरीजों को घर भेजने से पहले तीसरी जांच के लिए एक नमूना लिया जाता है। अगर इसमें मरीज निगेटिव आता है तो 14 दिन तक घर में क्वारंटाइन रहना पड़ता है। दोनों मरीजों के पॉजिटिव आने के बाद उन्हें दोबारा ग्रेटर नोएडा के जिम्स में भर्ती कर लिया गया है। दोनों मरीजों का नमूना लेकर चौथी बार जांच के लिए भेजा गया है।


खबर के अनुसार,  जिला प्रशासन की टीम ने रविवार को 1 लाख 6 हजार 819 लोगों की जांच (स्क्रीनिंग) की। 404 टीम ने 30 हजार से अधिक घरों में जाकर लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। इस दौरान विदेश और अन्य राज्यों से आए 80 लोगों की पहचान की गई। इनमें से किसी में भी कोरोना वायरस के प्रभाव के कोई लक्षण नहीं मिले।


डीएम सुहास एल वाई ने बताया कि जिले में अब तक 1344 संदिग्ध लोगों के नमूने लिए गए हैं। इसमें से 64 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें से 13 मरीजों का इलाज हो चुका है। इन्हीं में से दो मरीज ठीक होने के बाद संक्रमित हो गए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। शारदा मेडिकल कॉलेज में 4, जिम्स में 16 और सुपर स्पेश्यलिटी शिशु अस्पताल में 30 मरीजों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा 546 लोग इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन किए गए हैं।