रांची में पैर फैलता जा रहा कोरोना वायरस , 13 केस रांची से ही
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में तेजी से कोरोना

वायरस पैर फैलाता जा रहा है। इससे यहां के नागरिकों में दहशत बढ़ता जा रहा है। झारखंड में कोरोना के तीन और मरीज मिले हैं। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिव की संख्‍या बढ़कर 27 हो गई है। जिसमें दो कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है।


 

मंगलवार को रांची के रिम्‍स में तीन और मरीजों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की गई है। कुल जांच किए गए 182 सैंपल में 3 पॉजिटिव और 179 निगेटिव मिले हैं। मंगलवार को राज्य में मिले 3 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों में 2 संक्रमित रांची के हिंदपीढ़ी और एक सिमडेगा के रहने वाले हैं। रिम्‍स निदेशक डाॅ डीके सिंह ने इन तीन ताजा मामलों की पुष्टि की है। इस तरह झारखंड के कुल 27 कोरोना संक्रमित मरीजों में अकेले रांची से 13 पाॅजिटिव केस सामने आए हैं। जबकि बोकारो के 9, हजारीबाग के 2 और कोडरमा, गिरिडीह तथा सिमडेगा में एक-एक मामले सामने आए हैं।

अब तक के कोरोना मरीजों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रांची और बोकारो झारखंड के हॉट स्‍पॉट के रूप में चिह्नित हुए हैं। जहां से क्रमश: 13 और 9 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। रांची के हिंदपीढ़ी मोहल्‍ले से सभी 13 मामले सामने आए हैं। यहां से राज्‍य में सबसे पहला कोरोना मरीज सामने आया था। तब बड़ी मस्जिद में पकड़ी गई विदेशी तब्‍लीगी जमाती, मलेशिया की महिला में कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। रांची के हिंदपीढ़ी के एक कोरोना संक्रमित मरीज और बोकारो के गोमिया के एक कोरोना मरीज की मौत अबतक हो चुकी है।