वृद्धाआश्रम में रहने आये बुजुर्ग की हत्या कर शव खेतों में फेंका, पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के गांव पलड़ा झलड़ा में स्थित वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्ग की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। इसमें प्रथम दृष्टया वृद्ध आश्रम की लापरवाही सामने आई है।


पुलिस के मुताबिक बिलासपुर के पास पलड़ा झलड़ा गांव पर स्थित वृद्ध आश्रम में 70 वर्षीय सोरन सिंह पुत्र मोती सिंह  ग्राम मंजूर गढ़ी, जनपद अलीगढ़ अपनी पत्नी कंचन देवी के साथ 28 फरवरी 2020 को एडमिट हुए थे। आश्रम से 300 -400 मीटर की दूरी पर गेहूं के खेत में आज उनकी शव बरामद हुई है।



जाँच से प्रथम दृष्टया यह ज्ञात हुआ कि वह अपनी पत्नी को अक्सर गाली-गलौज कर दिया करते थे। गत 2 मार्च को भी जब वह गाली गलौज कर रहे थे  तो आश्रम के  लोगों ने  उनको रोका धक्का-मुक्की में संभवत गिर गए थे  और  उसी चोट के कारण  उनकी  मृत्यु होना प्रतीत हो रही है। बाद में उनको खेतों में शिफ्ट कर दिया गया है। यह आश्रम की लापरवाही है। दो व्यक्ति हिरासत में लिए गए हैं। पूछताछ की जा रही है। हालांकि आश्रम वासियों का कहना है कि 2 तारीख को पेंशन लेने के लिए कह कर बाहर निकले थे। 


पोस्टमार्टम के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा। फिलहाल उनकी पत्नी से एप्लीकेशन लेकर के अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है। आश्रम द्वारा पुलिस को उनके गायब होने के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा कोई नहीं है ना ही उनकी किसी से रंजिश होना बताया गया। उक्त के सम्बन्ध मे  मु0अ0स0 172/2020 धारा 304,201 भा0 द0 वि0 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।