नोएडा में आज फिर 2 कोरोना पॉजिटिव मरीज़ मिले, आंकड़ा 218 पर पहुंचा


नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमित मरीजों का रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि गौतमबुद्ध नगर में बड़ी व्यवस्था के बावजूद कोरोना संक्रमित मरीज कैसे बढ़ते जा रहे हैं ? क्या जांच में भारी कमियां रह रही है ? आखिर शहर में बढ़ती कोरोना पर लगाम क्यों नहीं लग पा रहा है?


 लिहाजा जनपद गौतम बुद्ध नगर में आंकड़ा सरकता जा रहा है तथा लोगों की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही है। शहर में कई बड़े औद्योगिक संस्थानों को खोलने की भी अनुमति दी जा चुकी है तथा शहर में धीरे-धीरे चहल- पहल भी बढ़ता जा रहा है। बावजूद लॉकडाउन के नियमों का पालन गृह मंत्रालय के गाइडलाइंस के अनुसार नहीं हो पा रहा है।


यहां गांव की हालात कोरोना की दृष्टि से ज्यादा खतरनाक होंगे, क्योंकि यहां जो दुकानें खोली जा रही है, उस पर कोरोना के नियम के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इन दुकानों पर सैनिटाइजर तक की व्यवस्था भाग्य-भरोसे है। यहां भीड़ के साथ लॉकडाउन के मानक पूरे नहीं हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा घोषणाएं हो रही है, पर यथार्थ के धरातल पर लॉकडाउन पालन कराने की योजना पर पलीता भी लग रहा है।


नोएडा में आज दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या और बढ़ गई है। आज 33 लोगो की रिपोर्ट आई है, जिसमें 2 लोगो के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। 31 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है।


आज संक्रमित मरीज़ो में सेक्टर 22 नोएडा से एक 40 वर्षीय पुरुष और एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके अलावा आज 14 लोगों को सफलता पूर्वक डिस्चार्ज भी किया गया है।